Balrampur News: बस संचालकों की बैठक में सख्ती, अधिक किराया लेने पर कार्रवाई की चेतावनी

Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर। यात्री बसों में शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक किराया वसूले जाने की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस एवं यातायात विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। अब निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने वाले बस संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज वैभव बैंकर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में 10 सितंबर को यातायात शाखा बलरामपुर में बस संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला परिवहन अधिकारी यशवंत यादव, यातायात प्रभारी विमलेश कुमार देवांगन एवं रक्षित निरीक्षक ने बस संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित यात्री किराया दरों की जानकारी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों से केवल शासन द्वारा निर्धारित किराया ही लिया जाए। साथ ही प्रत्येक यात्री बस में किराया सूची प्रमुख एवं स्पष्ट स्थान पर अनिवार्य रूप से चस्पा करने को कहा गया, ताकि यात्रियों को किराए की सही जानकारी आसानी से मिल सके।

शासन द्वारा निर्धारित किराया दर के अनुसार साधारण बस सेवा में प्रथम 5 किलोमीटर तक प्रति यात्री 8 रुपये तथा इसके बाद 1 रुपये प्रति यात्री प्रति किलोमीटर अथवा उसके भाग के लिए किराया निर्धारित है। वहीं डीलक्स एवं शयनयान कोच के लिए प्रथम 5 किलोमीटर तक 8 रुपये तथा इसके बाद 3 रुपये प्रति यात्री प्रति किलोमीटर अथवा उसके भाग के लिए किराया तय किया गया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित बस संचालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही बस चालक एवं परिचालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने, यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, बसों को निर्धारित स्टॉप पर ही रोकने तथा निर्धारित रूट पर ही संचालन करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान बस संचालकों ने संचालन के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। इन समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के अंत में बस संचालकों ने भविष्य में अधिक किराया वसूली की शिकायतों की पुनरावृत्ति नहीं होने देने और शासन के सभी नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया।

यातायात विभाग की इस सख्ती के बाद अब उम्मीद है कि बस यात्रियों से मनमाना किराया वसूली पर अंकुश लगेगा और यात्रियों को शासन द्वारा निर्धारित दर पर ही सफर की सुविधा मिल सकेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *