Balodabazar News: बलौदाबाजार में साइबर ठगी की रकम खपाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, म्यूल बैंक अकाउंट का हुआ खुलासा

Chhattisgarh Balodabazar News: बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए खपाने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पलारी पुलिस ने साइबर ठगी की रकम अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

1.08 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की जांच से खुला मामला

पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के जयपुर निवासी कैलाशचंद सेन ने साइबर पोर्टल पर ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि झांसा देकर उनसे 1,08,644 रुपये की ठगी की गई। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम पलारी स्थित UCO बैंक की शाखा के एक खाते में ट्रांसफर हुई थी। साइबर पोर्टल से प्राप्त शिकायत के आधार पर पलारी पुलिस ने संबंधित बैंक खाते की जानकारी और स्टेटमेंट की जांच की। इसमें खिलेंद्र वर्मा के खाते में 1,08,644 रुपये का संदिग्ध लेनदेन सामने आया।

पूछताछ में सामने आया दूसरे आरोपी का नाम

पुलिस ने खिलेंद्र वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसके द्वारा कथित तौर पर बताया गया कि रायपुर निवासी दीपेश मल्होत्रा ने उसे बैंक खाता खुलवाकर अवैध तरीके से पैसे कमाने का लालच दिया था। इसके बदले उसे कमीशन दिया जाता था। पुलिस के अनुसार, बैंक खाते के संचालन के साथ एटीएम कार्ड और सिम कार्ड का इस्तेमाल भी दीपेश मल्होत्रा द्वारा किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने मामले में दीपेश को भी गिरफ्तार कर लिया।

ऑनलाइन गेमिंग और अन्य गतिविधियों में रकम के इस्तेमाल का आरोप

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि इन बैंक खातों का कथित तौर पर ऑनलाइन गेमिंग और अन्य अवैध गतिविधियों से जुड़ी ठगी की रकम के ट्रांसफर और लेनदेन के लिए इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पैन कार्ड की कॉपी समेत अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से जुड़े अन्य बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *