Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पहला हादसा अवरी निवासी राजू यादव के साथ हुआ। वे किराने का सामान खरीदने भखारा गए थे। वापस लौटते समय ग्राम सिरवे पुरैना के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजू यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
एक अन्य हादसे में बड़े गौरी गांव निवासी डामेंश्वर सिन्हा अपनी बहन को तीजा का न्योता देने मोखा गए थे। दोनों भाई-बहन बाइक से वापस बड़े गौरी लौट रहे थे। इसी दौरान पुरूर के पास एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में डामेंश्वर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं उनकी बहन का इलाज जारी है।
तीसरा हादसा चितौड़ के पास हुआ, जहां पुरूर निवासी दो युवक धमतरी से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एक बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान अल्मरी निवासी एक अन्य युवक भी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। तीनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
