Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। कर्नाटक सरकार के वंदे मातरम को लेकर लिए गए फैसले पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। संसद में विधेयक पारित कर वंदे मातरम को लेकर कानून बनाया गया है, ऐसे में कर्नाटक सरकार का फैसला अलोकतांत्रिक है। उन्होंने इसे भारत माता का अपमान भी बताया।
सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित प्रधानमंत्री आवास और लखपति दीदी सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से चर्चा के दौरान छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को बहुत प्यार दिया है और प्रदेश में विकास की बयार बह रही है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कका और कांग्रेस ने मिलकर छत्तीसगढ़ को तबाह किया था।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा ने गरीबों को मकान का अधिकार दिया है। छत्तीसगढ़ में 3 लाख 65 हजार से ज्यादा मकान गरीबों के लिए स्वीकृत हुए हैं और वे मुख्यमंत्री को स्वीकृति पत्र सौंप रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में हर दिन करीब 1600 मकान पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ का भी सहयोग मिल रहा है और खेत से सड़क योजना को भी इसमें शामिल किया गया है। छत्तीसगढ़ के लिए 36 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने की बात भी उन्होंने कही।
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का स्वाभिमान बढ़ा है। भारत माता फिर से अंगड़ाई ले रही है और देश विश्व गुरु बनने के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
BRICS समिट को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर भी शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दुनिया की आधी आबादी का नेतृत्व करने वाले देश एक धरती पर इकट्ठा हो रहे हैं और पूरी दुनिया की नजर BRICS सम्मेलन पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ता है तो कांग्रेस के पेट में दर्द होता है। कांग्रेस देश की प्रतिष्ठा पर सवाल उठाती है और देश की प्रगति तथा विकास से प्रसन्न नहीं हो सकती।
