Raipur News: भंडारा सड़क हादसे में 9 छत्तीसगढ़वासियों की मौत, मुख्यमंत्री ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे में तीन मासूम बच्चों की भी मौत हुई है। घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गहरा शोक जताया है और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया पर किए पोस्ट में हादसे को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शोक की इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में घायल नागरिकों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए भेजी गई है। महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ भी लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि महाराष्ट्र के भंडारा में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुई दुर्घटना में कवर्धा और राजनांदगांव जिले के तीन मासूम बच्चों सहित 9 लोगों के असामयिक निधन का समाचार बेहद दुखद है। उन्होंने 14 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने पर भी चिंता जताई। विजय शर्मा ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही संबंधित लोगों से फोन पर चर्चा कर घटना की जानकारी ली गई और घायलों के उपचार तथा आवश्यक सहायता के लिए हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी हादसे में 9 लोगों की मौत को अत्यंत पीड़ादायक बताया। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

महाराष्ट्र के भंडारा जिले में सुबह करीब 4 बजे हुए इस भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वालों में चिचोला, खैरागढ़ निवासी गायत्री रूपेश उइके (30 वर्ष), धैर्य रूपेश उइके (4 वर्ष), सेवती रूपेश उइके (6 वर्ष), लोहारा, कवर्धा निवासी सरिता विजय वर्मा (28 वर्ष), मीनाक्षी राजकुमार वर्मा (30 वर्ष), ग्रीसा वर्मा (4 वर्ष), बांधटोला, कवर्धा निवासी गणेशिया अश्वान पटेल (24 वर्ष), भांडेवाड़ी, नागपुर निवासी जाम बाई/रामावतार वर्मा (52 वर्ष) और राजकुमारी/प्रहलाद पटेल (40 वर्ष) शामिल हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *