Mahasamund News: ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था 2.80 करोड़ का गांजा, महासमुंद पुलिस ने NH-53 पर पकड़ा ट्रक

Chhattisgarh Mahasamund News: महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास एक ट्रक से 560 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में महाराष्ट्र निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 80 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि आयशर माजदा Pro 3015 वाहन क्रमांक MH 18 BG 7546 में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने NH-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध वाहन पहुंचा, जिसे रोककर तलाशी ली गई।

पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान अजय रविन्द्र पवार, उम्र 30 वर्ष, निवासी जिला जलगांव, महाराष्ट्र के रूप में बताई। उसके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति की पहचान स्वराज महाजन, उम्र 25 वर्ष, निवासी जिला जलगांव, महाराष्ट्र के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, वाहन के डाले में कैरेट के नीचे रखी 16 बोरियों से 560 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में गांजा ओडिशा के बरहमपुर से लोड कर महाराष्ट्र के जलगांव ले जाने की बात बताई।

पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल वाहन, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है, और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये है। आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *