CG Cabinet Meeting: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में रविवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, सिविल लाइन में कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में गृह विभाग में पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षक के 36 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही आदिम जाति विकास विभाग का नाम बदलकर जनजातीय कार्य विभाग करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। कैबिनेट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 साल पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव भी पारित किया।
कैबिनेट ने गृह विभाग में पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षक के 36 पदों पर रिक्तियों के अनुसार भर्ती करने की मंजूरी दी है। राज्य सरकार पहले ही आरक्षक भर्ती में पूर्व अग्निवीरों को श्रेणीवार 10 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान कर चुकी है। इस फैसले से पूर्व अग्निवीरों के लिए राज्य पुलिस में भर्ती का अवसर उपलब्ध होगा।
बैठक में आदिम जाति विकास विभाग का नाम बदलकर जनजातीय कार्य विभाग करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन के कार्य आवंटन नियम में संशोधन किया जाएगा। सरकार के इस फैसले के बाद विभाग का नाम आधिकारिक रूप से बदलने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 साल पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बातचीत में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और छत्तीसगढ़ में हुए बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई को प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नक्सलवाद लंबे समय से बस्तर सहित राज्य के कई क्षेत्रों के विकास में बाधा बना हुआ था। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में लगातार कार्रवाई हुई है और छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 साल के कार्यकाल और गुजरात मॉडल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कच्छ में भूकंप के बाद पुनर्विकास तथा वाइब्रेंट गुजरात जैसे आयोजनों का जिक्र करते हुए देश की अर्थव्यवस्था में हुई प्रगति पर अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2014 से पहले भारत दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं में दसवें स्थान पर था और अब चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना और अर्थव्यवस्था के मामले में दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंचाना है। राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय पर उन्होंने एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी सैन्य कार्रवाइयों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन कोई उसे छेड़ता है तो जवाब जरूर देता है।
