Raipur News: शादी के दूसरे दिन से दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप, मायके की जमीन बेचकर पैसे लाने का बनाया दबाव

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे के खिलाफ उनकी पत्नी ने दहेज प्रताड़ना, मारपीट और घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं। शिकायत में पति के साथ सास और ससुर पर भी दहेज में करोड़ों रुपये नकद और लग्जरी कार मांगने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, आरंग क्षेत्र के ग्राम भानसोज निवासी पूजा बंजारे का विवाह जुलाई 2024 में धमतरी के जोधापुर वार्ड निवासी मनोज बंजारे के साथ हुआ था। मनोज बंजारे राज्य प्रशासनिक सेवा में डिप्टी कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। पूजा का आरोप है कि विवाह के दौरान उनके परिवार ने घरेलू सामान, सोने की चेन और अन्य उपहार दिए थे। इसके बावजूद शादी के दूसरे दिन से ही कम दहेज मिलने को लेकर ताने दिए जाने लगे।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पति मनोज बंजारे, सास ललिता बंजारे और ससुर कोमल सिंह बंजारे उस पर लग्जरी कार और 2 से 3 करोड़ रुपये नकद लाने का दबाव बना रहे थे। शिकायत के मुताबिक, 4 जनवरी 2025 को पति ने मायके की जमीन बेचकर रुपये लाने के लिए कहा। इनकार करने पर मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़िता का कहना है कि गर्भावस्था और प्रसव के बाद भी कथित प्रताड़ना जारी रही। आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद पति उसे मायके में छोड़ गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 2 सितंबर 2026 को पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने ग्राम भानसोज स्थित मायके में उसके साथ मारपीट की।

मामला महिला थाने पहुंचने के बाद परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई, लेकिन सुलह नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे और उनके परिजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *