Raipur Latest News: SSR-2027 की तैयारी तेज, रायपुर में मतदान केंद्रों के बदलाव संबंधी प्रस्तावों पर हुई चर्चा

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) के तहत रायपुर जिले में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया जारी है। इसी सिलसिले में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर सभाकक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई और प्रतिनिधियों के सुझाव लिए गए।

बैठक के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की ओर से प्राप्त प्रस्तावों की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। प्रस्तावित बदलावों पर चर्चा के बाद बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने इन प्रस्तावों पर अपनी सहमति व्यक्त की। यह प्रक्रिया अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत की जा रही है।

निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 तक पूरी की जानी है। इसका उद्देश्य मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों की व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और सुगम बनाना है, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान सुविधा मिल सके।

बैठक में रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े संबंधित अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *