Bilaspur Latest News: रूस में बिल्हा के युवक से संपर्क टूटा, बहन ने एसएसपी-कलेक्टर से लगाई सुरक्षित वापसी की गुहार

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे रूस में लापता हो गए हैं। वह नौकरी की तलाश में 1 अक्टूबर को रूस की राजधानी मॉस्को गए थे, लेकिन 7 अक्टूबर के बाद से परिवार का उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। उनकी बहन आशी दुबे ने आरोप लगाया है कि रूस में उनके भाई को बंधक बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा है और युद्ध में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। परिवार ने बिलासपुर के एसएसपी और कलेक्टर से मुलाकात कर विनीत की सुरक्षित वापसी के लिए मदद मांगी है।

परिजनों के मुताबिक, विनीत को टेलीग्राम के एक ग्रुप के माध्यम से रूस में नौकरी की जानकारी मिली थी। रूस पहुंचने के बाद कथित तौर पर उन्हें भारतीय दूतावास जाने नहीं दिया गया और मॉस्को के एक होटल में रोककर रखा गया। इसके बाद उन्हें वोल्गोग्राद भेजे जाने की जानकारी परिवार को मिली, जहां उन्हें एक अपार्टमेंट में रखा गया था।

परिवार का आरोप है कि 7 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे कुछ लोग विनीत को कार में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले गए। वहां उन पर रेजिडेंसी प्राप्त करने और युद्ध में शामिल होने का दबाव बनाया गया। परिजनों के अनुसार, युद्ध में जाने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें भूखा रखकर प्रताड़ित किया गया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि विनीत को ड्रग्स से जुड़े एक मामले में फंसाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

विनीत की बहन आशी दुबे के अनुसार, भाई के साथ हुई घटनाओं की जानकारी परिवार को किशोर नाम के एक युवक के माध्यम से मिली, जिसने व्हाट्सएप पर उनसे संपर्क किया था। इसके बाद से परिवार विनीत की सुरक्षा और उनके ठिकाने को लेकर चिंतित है।

परिवार की शिकायत के बाद बिलासपुर एसएसपी ने रूसी दूतावास और विदेश मंत्रालय से पत्राचार किया है। फिलहाल विनीत की स्थिति और सुरक्षित वापसी को लेकर संबंधित पक्षों के जवाब का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों ने शासन-प्रशासन से मामले में जल्द हस्तक्षेप कर युवक का पता लगाने और उसे सुरक्षित भारत वापस लाने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *