Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। महादेव सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ी सफलता बताया है। रायपुर एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सौरभ चंद्राकर को पकड़ने के लिए CBI लगातार प्रयास कर रही थी और अब इस मामले में जल्द ही कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी जांच की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। महादेव सट्टा ऐप से जुड़े मामलों की जांच CBI कर रही है। राज्य सरकार की ओर से इस मामले से संबंधित 13 एफआईआर जांच के लिए CBI को सौंपी गई थीं। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुका है।
CBI की ओर से 1 नवंबर 2026 को जारी जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसके आधार पर ओमान में उसकी तलाश की गई और रॉयल ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। इसके बाद CBI और ED ने जुटाए गए साक्ष्यों के साथ ओमान सरकार को औपचारिक प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजा।
भारत सरकार की विभिन्न एजेंसियों, इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो और ओमान के संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय के बाद प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई। अनुमति मिलने पर CBI की विशेष टीम मस्कट पहुंची और सौरभ चंद्राकर को भारत लेकर आई।
CBI के मुताबिक, भारत पहुंचने के बाद सौरभ चंद्राकर की मेडिकल जांच कराई गई। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे रायपुर लाया जाएगा। 2 नवंबर को उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किए जाने की जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री ने गिरफ्तारी को जांच में अहम कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि पूछताछ और आगे की कार्रवाई से मामले से जुड़े कई तथ्य सामने आ सकते हैं।
