Gaurela-Pendra-Marwahi Latest News: मरवाही वन मंडल में 62 हाथियों का विशाल दल, ड्रोन कैमरे से हुई संख्या की पुष्टि

Chhattisgarh Gaurela-Pendra-Marwahi News: गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। मरवाही वन मंडल क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती संख्या और उनकी लगातार आवाजाही ने वन विभाग के साथ स्थानीय किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पहले हाथियों के इस दल में करीब 55 सदस्य होने का अनुमान लगाया जा रहा था, लेकिन ड्रोन कैमरे से की गई गिनती में कुल 62 हाथियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही यह दल क्षेत्र में हाथियों के सबसे बड़े समूहों में शामिल हो गया है।

जानकारी के अनुसार, हाथियों का यह दल पहले दो-तीन छोटे समूहों में बंट जाता था। इस वजह से उनकी वास्तविक संख्या का आकलन करना मुश्किल हो रहा था। अब ड्रोन की मदद से ऊपर से निगरानी और गिनती की गई, जिसमें हाथियों की संख्या 62 सामने आई। मरवाही वन मंडल के डीएफओ एवं आईएफएस अधिकारी कुमार निशांत ने भी इसकी पुष्टि की है।

एक ही क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाथियों का दल खेतों में पहुंचकर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है और उन्हें अपना आहार बना रहा है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और किसानों को अपनी फसल की सुरक्षा की चिंता सता रही है।

स्थिति को देखते हुए वन विभाग के मैदानी कर्मचारी और स्थानीय हाथी मित्र दल अलर्ट हैं। टीम हाथियों की आवाजाही और गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है, ताकि ग्रामीणों को समय रहते सतर्क किया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *