BJP Rally News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रामलीला मैदान में हुई रैली के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी देशभर में मार्च और पदयात्राओं का कार्यक्रम तय किया है। कांग्रेस की ओर से लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों के जवाब में बीजेपी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत दिल्ली, हैदराबाद, भागलपुर, कोलकाता और मुंबई में कार्यक्रम आयोजित कर रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हैदराबाद में पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे, जबकि बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन बिहार और पश्चिम बंगाल में मार्च में शामिल होंगे।
अमित शाह हैदराबाद में निकालेंगे पदयात्रा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हैदराबाद के निजाम कॉलेज में बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से मोजमजाही चौराहे तक पदयात्रा करेंगे। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे शुरू होगा। इसके बाद वह मोजमजाही चौराहे पर लोगों को संबोधित करेंगे। तेलंगाना बीजेपी के मुताबिक, यह अभियान SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे कथित दुष्प्रचार के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। इसमें वकीलों, डॉक्टरों, बुद्धिजीवियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
भागलपुर और कोलकाता में मार्च करेंगे नितिन नवीन
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन भी अभियान के तहत बिहार के भागलपुर में मार्च में शामिल होंगे। इसके बाद वह पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में कॉलेज स्ट्रीट से धर्मतला तक करीब दो किलोमीटर लंबा पैदल मार्च करेंगे। इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य भी शामिल होंगे।
मुंबई और दिल्ली में भी होंगे कार्यक्रम
मुंबई में बीजेपी कार्यकर्ता और नेता दादर स्थित शिवाजी पार्क से कामगार मैदान तक पैदल मार्च निकालेंगे। वहीं, दिल्ली में पार्टी 1984 के सिख-विरोधी नरसंहार के पीड़ित परिवारों के साथ न्याय मार्च आयोजित करेगी। यह मार्च दोपहर 12 बजे गुरुद्वारा बंगला साहिब से गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब तक निकाला जाएगा।
गौरतलब है कि 1 नवंबर को 1984 के सिख-विरोधी नरसंहार की बरसी पर राहुल गांधी ने रामलीला मैदान में रैली की थी। इसके बाद बीजेपी ने पीड़ित परिवारों के साथ न्याय मार्च निकालने का कार्यक्रम तय किया है।
एक लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद
तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस SIR और संवैधानिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर गलत जानकारी फैलाकर लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने बताया कि बीजेपी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता को हराओ और हटाओ’ नाम से राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है। राव के मुताबिक, अमित शाह की अगुवाई में निजाम कॉलेज से मोजमजाही चौराहे तक होने वाली पदयात्रा में करीब एक लाख लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
