Chhattisgarh Latest News: अमित शाह ने पीपल का पौधा लगाकर दिया हरित भविष्य का संदेश, पार्क में लगाए गए 2,500 से अधिक पीपल

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार 3 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। अमित शाह ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को चिरस्थायी बनाने और भावी पीढ़ियों तक राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से इस पार्क का निर्माण किया गया है। यह पार्क विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की परिकल्पना के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देगा।

करीब 16 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस पार्क में अब तक 2,500 से अधिक पीपल और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य नवा रायपुर को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है। पार्क नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में नई पहचान देने के साथ शहर के हरित क्षेत्र और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने में भी भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।

नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के लिए ‘People for Peepal’ अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को पौधों के संरक्षण, संवर्धन और नियमित देखभाल से जोड़ना है, ताकि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी का अभियान बन सके।

भारतीय संस्कृति में पीपल के वृक्ष का विशेष आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व है। इस अभियान के माध्यम से पीपल के प्रति जनआस्था को प्रकृति संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ा जा रहा है। विकसित भारत संकल्प पार्क आधुनिक शहरी विकास और प्रकृति के बीच संतुलन का उदाहरण बनेगा। साथ ही यह भावी पीढ़ियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *