Durg Latest News: पुरानी दुश्मनी का बदला लेने जुटाए साथी, युवक पर किया जानलेवा हमला; दो नाबालिग भी शामिल

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की हत्या कर दी गई। दिवाली के दूसरे दिन सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के राजीव नगर में दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इस दौरान धारदार हथियार से हमला कर चंदू प्रसाद देवांगन की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने दो नाबालिगों समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला दुर्ग सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के राजीव नगर का है। एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, मृतक चंदू प्रसाद देवांगन की गया नगर क्षेत्र के कुछ युवकों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी विवाद को लेकर 9 नवंबर की रात दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुलाया और एकजुट होकर चंदू पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल चंदू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद समारू राम देवांगन की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंकज ठाकुर, निखिल ठाकुर, खूबलाल ठाकुर, संगीता ठाकुर, पुष्पा ठाकुर, योगिता ठाकुर, संदीप ठाकुर, सत्या साहू और दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी राजीव नगर वार्ड क्रमांक-4 के निवासी बताए गए हैं।

एएसपी ने बताया कि सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 191(1), 191(2) और 331(8) के तहत अपराध दर्ज किया है। सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *