Chhattisgarh Latest News: मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 13 नवंबर 2026 को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री जिले को 465 करोड़ 40 लाख 82 हजार रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें पूर्ण हो चुके 24 विकास कार्यों का लोकार्पण और नए विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, सिंचाई, अधोसंरचना और जनसुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री श्री साय अपने दौरे के दौरान 68 करोड़ 14 लाख 52 हजार रुपये की लागत से पूरे हुए 24 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। वहीं, 397 करोड़ 26 लाख 30 हजार रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास करेंगे।
इन विकास परियोजनाओं में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY), आदिवासी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और नगर पालिका परिषद लोरमी से संबंधित कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन, सिंचाई सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।
