Mungeli News: पहली चोरी का खुलासा नहीं, दूसरी वारदात से पुलिस पर उठे सवाल; SSP ने SIT गठित की

Mungeli News: जिले के फास्टरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ठाकुरकापा में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज चार महीने के भीतर एक ही परिवार के घर में दूसरी बार चोरी होने से इलाके में दहशत का माहौल है। ताजा घटना में आधी रात घर में घुसे बदमाश ने सो रही बुजुर्ग महिला के कान से सोने का आभूषण खींच लिया, जिससे उनका कान फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।

पीड़ित परिवार के सदस्य शिव भास्कर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी गए सामान की बरामदगी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मार्च 2026 में हुई पहली चोरी के आरोपियों का अब तक पता नहीं चल सका, जिसके चलते बदमाशों ने उसी घर को दोबारा निशाना बना लिया।

पहली घटना में चोर घर से करीब 2.25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, एक लाख रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर ले गए थे। वहीं 9 जुलाई की रात दूसरी वारदात में आरोपी छत के रास्ते घर में घुसा और सो रही जानकी बाई के कान से सोने का आभूषण खींचकर फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर परिवार के लोग जाग गए, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुका था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। उधर, कांग्रेस नेता संजीत बनर्जी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए थाना प्रभारी को हटाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहली चोरी का खुलासा नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़े और दूसरी वारदात हुई। साथ ही क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार को लेकर भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *