Balrampur News: वाड्रफनगर आंगनबाड़ी में बड़ी लापरवाही, 9 बच्चों को एक्सपायरी पोषण आहार, विभाग पर उठे सवाल

Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र सुरहुल खास में बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर लापरवाही सामने आई है। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि केंद्र में नौ बच्चों को एक्सपायरी ‘रेडी टू ईट’ खाद्य सामग्री खिलाई गई। वहीं, केंद्र से 12 एक्सपायरी पैकेट भी बरामद हुए हैं। इस घटना के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को वितरित किए जा रहे रेडी-टू-ईट फूड की जांच के दौरान कई पैकेटों की एक्सपायरी डेट समाप्त पाई गई। इसके बावजूद इन खाद्य पैकेटों का वितरण और उपयोग किया गया, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा उत्पन्न हो गया।

मामले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का जवाब भी चर्चा का विषय बना हुआ है। कार्यकर्ता ने कहा कि उन्हें ठीक से दिखाई नहीं देता, इसलिए वे पैकेट पर अंकित एक्सपायरी डेट की जांच नहीं कर सकीं। इस बयान के बाद विभागीय जिम्मेदारी और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मासूम बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। फिलहाल सभी की नजरें महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *