Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं और कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। गरियाबंद जिले में लगातार करीब 60 घंटे से हो रही बारिश के चलते सिकासेर जलाशय से 60 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद राजिम के त्रिवेणी संगम स्थित प्रसिद्ध बाबा कुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में वर्षों बाद पानी पहुंच गया है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट पर है। नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। वहीं, पैरी नदी के उफान पर होने से नेशनल हाईवे-130सी पर पंटोरा के पास जलभराव हो गया है, जिससे रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर वाहनों और यात्री बसों की आवाजाही प्रभावित है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर मार्ग बंद कर दिया है।
उधर, दंतेवाड़ा जिले के भैरमगढ़ के पातरपारा में पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण यातायात बाधित हो गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।
राजधानी रायपुर में भी लगातार बारिश का असर देखने को मिल रहा है। खारुन नदी का जलस्तर बढ़ने से महादेव घाट पर बने पुल तक पानी पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है, जिसके चलते प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
