Raipur News : साव की मंजूरी के बाद 17.39 करोड़ रुपये स्वीकृत, धमतरी और बलौदाबाजार में होंगे विकास कार्य

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने नगरीय विकास को गति देते हुए धमतरी जिले की कुरूद नगर पालिका और बलौदाबाजार नगर पालिका के विकास कार्यों के लिए कुल 17 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने संबंधित कार्यों की प्राविधिक और प्रशासनिक मंजूरी के आदेश जारी कर दिए हैं।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने कुरूद नगर पालिका में दो आरसीसी नालियों के निर्माण के लिए 99 लाख 25 हजार रुपये मंजूर किए हैं। इसमें वार्ड क्रमांक-1 में भारतीय स्टेट बैंक से छोटे नहर तक आरसीसी नाली निर्माण के लिए 53.17 लाख रुपये, जबकि वार्ड क्रमांक-21 में मंगलम हार्डवेयर से छोटे नहर तक नाली निर्माण के लिए 46.08 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

वहीं बलौदाबाजार नगर पालिका में ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण एवं विकास के लिए 16 करोड़ 40 लाख 77 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इस परियोजना का उद्देश्य शहर में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाना और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द इन विकास कार्यों का लाभ मिल सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *