Durg News: फ्लू डस्ट की आड़ में करोड़ों का स्क्रैप चोरी कांड: दुर्ग पुलिस ने भाजपा नेता को दबोचा, जांच जारी

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में करोड़ों रुपये के लोहा चोरी मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली नगर भाजपा मंडल के कोषाध्यक्ष एवं कारोबारी भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में उनकी संदिग्ध भूमिका सामने आने के बाद शनिवार को यह कार्रवाई की गई। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक जीएम और एजीएम समेत कुल 17 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, सुरक्षा में लापरवाही पाए जाने पर CISF के 7 जवानों को भी निलंबित किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, भास्कर मुदलियार की गाड़ियां लंबे समय से कॉन्ट्रैक्टरों के माध्यम से भिलाई स्टील प्लांट के भीतर फ्लू डस्ट के परिवहन में लगी थीं। जांच में सामने आया कि फ्लू डस्ट की आड़ में पिछले कई महीनों से प्लांट से स्क्रैप चोरी कर बाहर निकाला जा रहा था। मुख्य आरोपी संजय सिंह के नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप में पुलिस ने पहले उनसे पूछताछ की थी, लेकिन नए साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले में कॉन्ट्रैक्टर हिमांशु खंडेलवाल और गिरीश खंडेलवाल अभी फरार हैं। पुलिस ने उनके 12 बैंक खाते फ्रीज कर दिए हैं और उनकी तलाश जारी है। जांच एजेंसियां पूरे चोरी नेटवर्क, ट्रांसपोर्टरों और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

गौरतलब है कि 26 मई 2026 को पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह और हथखोज स्थित ठिकानों पर छापेमारी कर करीब 250 टन लौह स्क्रैप, कई ट्रक, हाईवा, जेसीबी, हाइड्रा और अन्य मशीनें जब्त की थीं। जब्त सामग्री और वाहनों की कुल कीमत करीब 3.22 करोड़ रुपये आंकी गई थी, जिसमें लगभग 90 लाख रुपये का लौह स्क्रैप शामिल था। मामले की जांच लगातार जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *