Surajpur News: केवरा के मैदान में क्रिकेट का रोमांच, महगांव सूरजपुर ने जीती चैंपियनशिप

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर स्थित हाईस्कूल मैदान केवरा में भानु एकादश केवरा द्वारा आयोजित प्रथम संस्करण रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन उत्साह और खेल भावना के माहौल में संपन्न हुआ। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में आयोजित इस प्रतियोगिता ने पूरे क्षेत्र के खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मेजबान टीम केवरा और महगांव सूरजपुर के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में महगांव सूरजपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। विजेता टीम को ₹25 हजार नगद पुरस्कार एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता केवरा टीम को ₹13 हजार नगद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

ग्रामीण अंचल में आयोजित इस प्रतियोगिता में आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। पूरे टूर्नामेंट के दौरान मैदान खचाखच भरा रहा। मैचों के बीच चीयरलीडर्स की आकर्षक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और आयोजन को और अधिक यादगार बना दिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम शामिल हुए। उनके साथ कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

टूर्नामेंट में जोशीली कॉमेंट्री के लिए गुड्डू खान की विशेष सराहना की गई। वहीं निष्पक्ष अंपायरिंग के लिए आजाद प्रताप सिंह और संजय मांझी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता की सफलता में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, व्यापारियों और ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

समिति ने सभी सहयोगियों, प्रायोजकों, खिलाड़ियों, पत्रकारों और हजारों दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और विश्वास से ही यह आयोजन ऐतिहासिक एवं यादगार बन सका।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *