Bhilai News: भिलाई में नकली नोट मिलने का दावा, युवक बोला- शराब भट्टी से मिले थे 200 और 100 रुपये के नोट

Chhattisgarh Bhilai News : भिलाई। नेहरू नगर निवासी पुरुषोत्तम बाघ नामक युवक ने 200 रुपये का संदिग्ध नोट मिलने का दावा किया है। युवक के मुताबिक यह नोट उसे भिलाई की बटालियन शराब भट्टी से मिला है। हालांकि, अभी तक नोट के नकली होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, क्योंकि युवक ने मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी है।

युवक के अनुसार, वह 3 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे बटालियन शराब भट्टी पहुंचा था। वहां उसने 200 रुपये की शराब खरीदी और कर्मचारी को 500 रुपये का नोट दिया। इसके बाद उसे 300 रुपये वापस मिले, जिसमें 200 और 100 रुपये का एक-एक नोट शामिल था।

पुरुषोत्तम बाघ ने बताया कि अगले दिन उसने 200 रुपये का यह नोट एक पंचर की दुकान पर दिया। दुकान संचालक ने नोट को संदिग्ध बताते हुए उसे लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवक ने मिले हुए नोट की तुलना अपने पास मौजूद नए 200 रुपये के नोट से की।

युवक का दावा है कि दोनों नोटों को रोशनी में देखने पर अंतर साफ नजर आया। उसके मुताबिक संदिग्ध 200 रुपये के नोट में महात्मा गांधी की तस्वीर और 200 रुपये का अंक नए नोट की तुलना में स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा था। इसी आधार पर उसने नोट को नकली होने का दावा किया है।

हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि नोट वास्तव में जाली है या नहीं। युवक की ओर से पुलिस में शिकायत नहीं किए जाने के कारण मामले की आधिकारिक जांच शुरू नहीं हुई है। नोट की वास्तविकता की पुष्टि पुलिस जांच और आवश्यक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।

दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि जो युवक नकली नोट मिलने का दावा कर रहा है, उसे थाने जाकर शिकायत करनी चाहिए। शिकायत मिलने के बाद ही मामले की जांच संभव होगी। यदि जांच में नोट नकली पाया जाता है, तो यह भी पता लगाया जा सकेगा कि वह नोट युवक तक कैसे पहुंचा और क्या ऐसे अन्य नकली नोट भी चलन में हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *