Raipur News: पीएम आवास के मुद्दे पर आमने-सामने होंगे विजय शर्मा और भूपेश बघेल? पूर्व सीएम ने स्वीकार की चुनौती

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। पीएम आवास के मुद्दे पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की बहस करने की चुनौती को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वीकार कर लिया है। भूपेश बघेल ने कहा कि उन्होंने पिछले महीने ही इस संबंध में बात कही थी। स्थान और समय निर्धारित कर लें और पूरी मीडिया को बुला लें, हम बात करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी लोग प्रेस क्लब पहुंच जाएंगे।

दरअसल, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पीएम आवास को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बहस की चुनौती दी थी। विजय शर्मा ने कहा था कि प्रेस क्लब जब कहेगा, वह वहां बहस करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने पीएम आवास से जुड़े आंकड़े पेश करते हुए दावा किया था कि प्रदेश में सवा 11 लाख से अधिक पीएम आवास पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि करीब 2 लाख पीएम आवासों में गृहप्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। विजय शर्मा के मुताबिक विपक्ष अपनी नाकामी छिपाने के लिए बार-बार इस तरह की बातें कर रहा है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के ‘कका और कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को तबाह किया’ वाले बयान पर भी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि लूटने का काम अभी भी हो रहा है। उनके मुताबिक पिछली सरकार के समय भाजपा ने लूटा और अब भी लूट रही है। उन्होंने जंगल और खदानों के दोहन, बिजली बिल की बढ़ी कीमतों समेत कई मुद्दे उठाए। भूपेश बघेल ने शिवराज सिंह चौहान से सवाल किया कि चीनी की कीमत क्यों बढ़ी है, किसानों को खाद क्यों नहीं मिली और एग्रीस्टैक के नाम पर किसानों से धान नहीं खरीदने का बहाना क्यों किया जा रहा है।

नितिन नबीन के राहुल गांधी को वंदे मातरम का महत्व नहीं समझने वाले बयान पर भी भूपेश बघेल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन को खुद ही इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सात महीने से कमेटी नहीं बनाई जा सकी है और छत्तीसगढ़ में प्रभारी की नियुक्ति भी नहीं हो पाई है। भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस के लोग वंदे मातरम गाते हुए तिरंगा लेकर जाते थे, जबकि उनके पूर्वज मुखबिरी करते थे और अंग्रेजों के तलवे चाटते थे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *