Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक ने जीरो मास प्राइवेट लिमिटेड को बनाया बैंकिंग प्रतिनिधि, ग्रामीण क्षेत्रों में होगा सेवाओं का विस्तार

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब बैंकिंग सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक ने राज्य के सभी 33 जिलों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने के लिए बीएलएस ई-सर्विसेज लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी जीरो मास प्राइवेट लिमिटेड को अपना बैंकिंग प्रतिनिधि (BC) नियुक्त किया है। इस साझेदारी के तहत अगले दो से तीन वर्षों में प्रदेशभर में 600 से अधिक बैंकिंग केंद्रों का नेटवर्क विकसित किया जाएगा।

इस पहल से बस्तर, सरगुजा सहित दूरस्थ और आदिवासी बहुल इलाकों के लोगों को अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में ही बैंकिंग सुविधाएं मिल सकेंगी। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को सामान्य बैंकिंग कार्यों के लिए दूर स्थित बैंक शाखाओं तक जाने की जरूरत कम होगी।

बीसी केंद्रों पर ग्राहकों को नकद जमा और निकासी, बैंक खाते का बैलेंस चेक करने, पासबुक अपडेट कराने और पैसे ट्रांसफर करने जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा नए बैंक खाते खोलने, आधार आधारित भुगतान प्रणाली (AePS) और सरकारी वित्तीय योजनाओं से जुड़ी सेवाओं का लाभ भी इन केंद्रों पर लिया जा सकेगा।

बीएलएस ई-सर्विसेज के डिप्टी सीईओ आशीष मिश्रा ने बताया कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए बैंकिंग प्रतिनिधि ग्रामीण आबादी तक वित्तीय सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीणों का समय और यात्रा खर्च बचेगा। साथ ही बैंक शाखाओं पर भीड़ का दबाव कम होगा और अधिक से अधिक लोग औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ सकेंगे।

कंपनी का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांवों और स्थानीय क्षेत्रों में ही भरोसेमंद बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अगले दो से तीन वर्षों में 600 से अधिक केंद्रों का नेटवर्क तैयार होने से प्रदेश के दूरस्थ इलाकों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ने की उम्मीद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *