Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को रायपुर सेंट्रल जेल पहुंचे, जहां उन्होंने जेल में बंद कांग्रेस नेता और पार्टी के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से मुलाकात की। जेल के भीतर दोनों के बीच करीब 10 मिनट तक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद भूपेश बघेल ने रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी और जेल में बंद रखे जाने को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं और सरकार ने उन्हें गलत तरीके से जेल में बंद कर रखा है।
बता दें कि शराब घोटाला मामले में 5 नवंबर को बिलासपुर हाईकोर्ट से रामगोपाल अग्रवाल को जमानत मिल चुकी है। हालांकि, कोल घोटाले समेत अन्य मामलों में आरोपी होने के कारण उन्हें फिलहाल जेल में ही रहना होगा। शराब घोटाले में जमानत मिलने के बावजूद अन्य मामलों में राहत नहीं मिलने के चलते उनकी रिहाई नहीं हो सकी है। सेंट्रल जेल में मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी के मुताबिक, रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ कुल छह मामले दर्ज हैं। इनमें से दो मामलों में उन्हें जमानत मिल चुकी है, जबकि चार मामले अभी लंबित हैं। इन चारों मामलों में जमानत मिलने के बाद ही उनकी जेल से रिहाई संभव होगी।
रिजवी का दावा है कि किसी भी एफआईआर में रामगोपाल अग्रवाल का नाम नहीं है। उन्हें पहले से अपराधी एक आरोपी के बयान के आधार पर मामले में फंसाया गया है। उन्होंने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस कोषाध्यक्ष होने के कारण रामगोपाल अग्रवाल को निशाना बनाया गया है।
