MP Weather: कई जिलों में बदला मौसम, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी, जानें एमपी में मौसम का हाल

MP Weather Update: भोपाल। मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। सक्रिय ट्रफ और मौसम प्रणालियों के प्रभाव से सोमवार को प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का ऑरेंज एवं येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक भोपाल, जबलपुर, सागर, ग्वालियर, चंबल, शहडोल और नर्मदापुरम संभाग के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। कई स्थानों पर मेघगर्जन, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

रविवार को भोपाल, सीहोर, रायसेन, इंदौर और खरगोन सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जबकि खजुराहो, दतिया, नौगांव और मंडला में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। शिवपुरी सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार आगामी 4 से 5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार तथा दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसी के मद्देनजर मध्य प्रदेश में 18 से 20 जून के बीच मानसून के प्रवेश की संभावना जताई गई है। जून के अंत तक मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर सकता है।

सोमवार को आगर-मालवा, राजगढ़ और सीहोर जिलों में तेज आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, शाजापुर, रतलाम, नीमच, मंदसौर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में मेघगर्जन, वज्रपात तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले स्थानों में खड़े न रहने और बिजली गिरने की आशंका के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *