Bilaspur News: रेलवे कैंटीन में नौकरी का झांसा बना मौत की वजह, मानसिक प्रताड़ना से युवक ने खाया जहर; दो गिरफ्तार

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹1.5 लाख की ठगी करने और पैसे वापस मांगने पर झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मृतक युवक के मामा और मामी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में मानसिक प्रताड़ना के चलते युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

मस्तूरी एसडीओपी डी.आर. धृतलहरे के अनुसार, मामला थाना मस्तूरी के मर्ग क्रमांक 40/26 से जुड़ा है। जांच में पता चला कि हिर्री निवासी 22 वर्षीय राहुल साहू ने रेलवे कैंटीन में नौकरी लगवाने के नाम पर अपने मामा इंद्र कुमार उर्फ भवानी वैष्णव और मामी अंबिका वैष्णव को ₹1.5 लाख दिए थे। नौकरी नहीं लगने पर जब राहुल ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोप है कि मामा-मामी ने राहुल को बार-बार पैसे मांगने पर झूठे दुष्कर्म (रेप) के मामले में फंसाने की धमकी दी। लगातार मानसिक दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर राहुल ने जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या कर ली।

मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 3(5) के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *