Gariyaband News: जुगाड़ के पास सड़क पर धराशायी हुआ पेड़, 40 किमी सिंगल वे में फिर बिगड़ी यातायात व्यवस्था

Chhattisgarh Gariyaband News : गरियाबंद। नेशनल हाईवे 130 सी पर एक बार फिर यातायात व्यवस्था बिगड़ गई है। जुगाड़ के पास सड़क पर विशालकाय पेड़ गिरने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क बाधित होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, झारियाबहरा से ध्रुवागुड़ी के बीच नेशनल हाईवे का करीब 40 किलोमीटर हिस्सा सिंगल वे है। इस वजह से इस मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति बनती रहती है। अब विशालकाय पेड़ के सड़क पर गिरने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लंबी कतार लग गई।

घटना की सूचना वन विभाग के अमले को दी गई, जिसके बाद धराशायी पेड़ को हटाने के लिए टीम मौके पर भेजी गई। पेड़ हटाने के बाद ही इस मार्ग पर यातायात सामान्य होने की उम्मीद है।

बताया जा रहा है कि बारिश के मौसम में इस हाईवे पर पेड़ गिरने और अन्य कारणों से यातायात बाधित होने की घटनाएं लगातार सामने आती हैं। इसके बावजूद ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए हाईवे पर पुख्ता इंतजाम नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।

कभी वन विभाग तो कभी पुलिस की मदद से रास्ता बहाल कराया जाता है। लगातार बारिश के दौरान इस मार्ग पर जाम की समस्या बढ़ने से वाहन चालकों में भी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे के सिंगल वे हिस्से में यातायात व्यवस्था सुधारने और बारिश के दौरान होने वाली बाधाओं से निपटने के लिए स्थायी व्यवस्था की जरूरत है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *