Raipur News: शिक्षिका, सोशल वर्कर और सिंगल मदर खुशबू शर्मा ने जीता ‘मिसेज इंडिया अर्थ विनर 2026’ का खिताब

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। गोंदिया, महाराष्ट्र की बेटी और रायपुर, छत्तीसगढ़ की बहू खुशबू शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाते हुए ‘मिसेज इंडिया अर्थ विनर 2026’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया है। इंदौर के होटल जॉर्डन में वीएमएस द्वारा प्रस्तुत ‘मिसेज इंडिया यूनिवर्स 2026’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया, जिसमें खुशबू शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

खुशबू शर्मा पेशे से शिक्षिका होने के साथ सोशल वर्कर और सिंगल मदर भी हैं। पारिवारिक जिम्मेदारियों को निभाने के साथ वह समाज सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय रही हैं। इन जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास को बनाए रखते हुए राष्ट्रीय मंच तक अपनी पहचान बनाई।

प्रतियोगिता के अलग-अलग राउंड में खुशबू शर्मा का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। खासतौर पर इंट्रोडक्शन राउंड, टैलेंट राउंड और इवनिंग गाउन राउंड में उन्होंने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रतिभा से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें ‘अर्थ विनर 2026’ के खिताब से सम्मानित किया गया।

अपनी सफलता पर खुशबू शर्मा ने कहा कि यह खिताब उनके लिए केवल एक ताज नहीं है, बल्कि हर उस महिला के लिए प्रेरणा है जो अपने सपनों को पूरा करने के साथ परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां भी निभा रही है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि के लिए जितेंद्र सर और कविता मैम के प्रति आभार व्यक्त किया।

खुशबू शर्मा की इस उपलब्धि से गोंदिया, महाराष्ट्र और रायपुर, छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता महिला सशक्तिकरण, आत्मविश्वास और संघर्ष के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करने की प्रेरणादायक मिसाल के तौर पर सामने आई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *