Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के खमतराई इलाके में पुलिस ने प्रतिबंधित गुटखे के अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ रुपये का माल जब्त किया है। रविवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक गोदाम में छापेमारी की, जहां भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखे का स्टॉक मिला। कार्रवाई के दौरान गोदाम मालिक फरार बताया जा रहा है।
मामले की जानकारी पुलिस ने राज्य और केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग को दी है। इसके बाद जीएसटी टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि गुटखा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन-किन इलाकों में की जानी थी। इसके साथ ही भंडारण और परिवहन के दौरान टैक्स चोरी किए जाने की आशंका की भी पड़ताल की जा रही है। कारोबार से जुड़े लोगों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इससे पहले 26 सितंबर 2026 को डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) ने रायपुर के शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर 50 से अधिक बोरे सितार गुटखा बरामद किए थे। यह गोदाम गुटखा कारोबारी बंटी से जुड़ा बताया गया था। उस समय महाराष्ट्र के कल्याण के पास गुटखे का निर्माण कर कई राज्यों में सप्लाई किए जाने की आशंका जताई गई थी।
वहीं, इससे पहले दुर्ग जिले के कुम्हारी में भी सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस ने गुटखा बनाने की फैक्ट्री पर कार्रवाई की थी। वहां से दो मशीनें और करीब 30 बोरे गुटखा जब्त किए गए थे। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बाद गुटखा कारोबार से जुड़े भंडारण, निर्माण और सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज हो गई है।
