Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। प्रदेश में एसएसआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर सियासत तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की सभी से प्रक्रिया में सकारात्मक सहयोग करने की अपील पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने विजय शर्मा पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि वे सरकार के मंत्री हैं या चुनाव आयोग के प्रवक्ता? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को नसीहत देने के बजाय विजय शर्मा को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
सुशील आनंद शुक्ला ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ मिलकर देश के 13 करोड़ लोगों के वोट काटे हैं। छत्तीसगढ़ में भी 25 लाख लोगों के वोट काटे जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा को इन सवालों का जवाब देना होगा। कांग्रेस वोट चोरी के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि विजय शर्मा किस हैसियत से चुनाव आयोग की ओर से बयान दे रहे हैं।
जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा को घेरा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के छत्तीसगढ़ दौरे और जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए। शुक्ला ने कहा कि भाजपा आज जनजातीय गौरव दिवस मना रही है, जबकि इसी पार्टी ने विश्व आदिवासी दिवस का विरोध किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद से आदिवासियों के अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है और यह आयोजन आदिवासी समाज को प्रलोभन देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज भाजपा से नाराज है। नितिन नबीन को बताना चाहिए कि डबल इंजन की सरकार से छत्तीसगढ़ को क्या फायदा हुआ है। उन्होंने धान खरीदी 15 दिन देरी से शुरू होने और पिछले साल का धान खुले में पड़े होने का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा।
महादेव एप को लेकर भाजपा पर पलटवार
महादेव एप मामले में सौरभ चंद्राकर की कोर्ट में पेशी और भाजपा नेताओं के बयानों पर सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा को इस मामले में बोलने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान महादेव एप के नाम पर झूठे आरोप लगाकर कांग्रेस सरकार को बदनाम करने की कोशिश की गई थी। सत्ता में आने के बाद कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
उन्होंने सवाल किया कि पिछले तीन साल से प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद महादेव एप का संचालन बंद क्यों नहीं हुआ? शुक्ला ने दावा किया कि सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद भी एप का संचालन जारी है और उसे पीएमओ से संरक्षण मिला। उन्होंने सौरभ चंद्राकर को भारत लाने में हुई देरी पर भी सवाल उठाए और इसे डील का हिस्सा बताया। ये सभी आरोप कांग्रेस संचार प्रमुख ने लगाए हैं।
पटवारियों की हड़ताल पर सरकार को दी नसीहत
धान खरीदी और पटवारियों की हड़ताल को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सरकार चाहे तो पटवारियों की हड़ताल एक घंटे में समाप्त हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पटवारियों को बर्खास्तगी का डर दिखाया, कई कर्मचारियों को निलंबित किया और एस्मा लगाने की बात कही, लेकिन बातचीत के जरिए समाधान निकालने का गंभीर प्रयास नहीं किया।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी सरकार का सबसे बड़ा उत्सव है और इसके ठीक पहले पटवारियों की हड़ताल से खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। सरकार को हठधर्मिता छोड़कर पटवारियों से बातचीत करनी चाहिए और उनकी हड़ताल समाप्त कराने की पहल करनी चाहिए।
